झारखंड
हजारीबाग में मनचलों पर पुलिस का शिकंजा, 47 को थाना लाकर दी हिदायत
हजारीबाग में पुलिस ने अड्डेबाजी और मनचलों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। 45 टीमों ने 108 ठिकानों पर छापेमारी कर 47 लोगों को थाना लाया।
हजारीबाग में मनचलों और अड्डेबाजों पर पुलिस का शिकंजा, 47 लोगों को थाना लाकर दी गई हिदायत
45 पुलिस टीमों ने 108 ठिकानों पर की छापेमारी, अभियान में 191 पुलिस पदाधिकारी और जवान रहे शामिल
हजारीबाग। जिले में अड्डेबाजी और मनचले व्यक्तियों पर लगाम लगाने के लिए हजारीबाग पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर 2 नवंबर की रात जिले के सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ छापेमारी अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस ने 47 मनचले व्यक्तियों को पकड़कर थाना लाया और पीआर बांड पर आवश्यक हिदायत देकर छोड़ दिया।
हजारीबाग पुलिस की ओर से 3 नवंबर को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इस विशेष अभियान का नेतृत्व जिले के पुलिस उपाधीक्षकों एवं पुलिस निरीक्षकों ने किया। अभियान को सफल बनाने के लिए कुल 45 पुलिस टीमों का गठन किया गया था। इन टीमों में 191 पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया था।
गठित पुलिस टीमों ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में अड्डेबाजी और मनचले व्यक्तियों के जमावड़े वाले कुल 108 ठिकानों पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान 47 व्यक्तियों को थाना लाया गया। बाद में उन्हें पीआर बांड पर आवश्यक हिदायत देते हुए छोड़ दिया गया।
आगे भी जारी रहेगा विशेष अभियान
हजारीबाग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अड्डेबाजी और मनचले व्यक्तियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस का उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों पर अनावश्यक जमावड़े और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाना तथा आम नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है।
पुलिस ने आम लोगों से की अपील
पुलिस अधीक्षक ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके इलाके में मनचले व्यक्तियों का जमावड़ा लगता है या किसी स्थान पर अड्डेबाजी होती है, तो इसकी सूचना तत्काल नजदीकी थाना को दें। पुलिस प्राप्त सूचना का सत्यापन कर आवश्यक कार्रवाई करेगी।
हजारीबाग पुलिस ने आम लोगों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।