झारखंड

सेप्टिक टैंक में जहरीली गैस से एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत, हजारीबाग में मातम

Mohan Rana 27 May 2026, 04:14 AM 506 views
सेप्टिक टैंक में जहरीली गैस से एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत, हजारीबाग में मातम
सेफ्टी टंकी बनी मौत का कुआं, जहरीली गैस ने ली तीन जिंदगियां
हजारीबाग जिले के सदर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत कटकमदाग थाना क्षेत्र के ग्राम कूद से बेहद दुखद और दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। मंगलवार को हुए एक दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, घर के सेप्टिक टैंक में जहरीली गैस बनने के कारण यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि सफाई या अन्य कार्य के दौरान परिवार के सदस्य टैंक के संपर्क में आए और जहरीली गैस की चपेट में आ गए। इस हादसे में मां चमेली देवी, पुत्र रवि साव और चाचा मदन साव की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, परिवार के मुखिया आनंद साव गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव और आसपास के क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है। स्थानीय लोगों में गहरा शोक है और हर कोई दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना कर रहा है। यह हादसा एक बार फिर यह याद दिलाता है कि सेप्टिक टैंक या किसी भी बंद स्थान की सफाई के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन कितना जरूरी है। बिना सुरक्षा उपकरण और विशेषज्ञों की मदद के ऐसे कार्य करना जानलेवा साबित हो सकता है।