झारखंड
जैव ईंधन की गुणवत्ता पर संसदीय समिति की बैठक में शामिल हुए सांसद मनीष जायसवाल
सांसद मनीष जायसवाल ने संसद भवन में आयोजित स्थायी समिति की बैठक में हिस्सा लिया। बैठक में जैव ईंधन की गुणवत्ता, मानकीकरण और उपभोक्ता हितों की सुरक्षा पर चर्चा हुई।
जैव ईंधन की गुणवत्ता और मानकीकरण पर संसदीय समिति की बैठक में शामिल हुए सांसद मनीष जायसवाल
उपभोक्ता हितों की सुरक्षा और गुणवत्तापूर्ण जैव ईंधन को बढ़ावा देने पर हुई चर्चा, मंत्रालय के प्रतिनिधियों ने दी जानकारी
हजारीबाग। हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल मंगलवार को नई दिल्ली स्थित संसद भवन परिसर में आयोजित संसद की उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण संबंधी स्थायी समिति की बैठक में शामिल हुए। बैठक में इथेनॉल एवं अन्य जैव ईंधन (बायो-फ्यूल्स) की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और उनके मानकीकरण से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय के प्रतिनिधियों ने जैव ईंधन की गुणवत्ता, निर्धारित मानकों और उनसे जुड़े विभिन्न पहलुओं पर समिति के समक्ष विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। इस दौरान देश में जैव ईंधन की गुणवत्ता बनाए रखने, एक समान मानकों को लागू करने तथा उपभोक्ताओं के हितों की सुरक्षा सुनिश्चित करने जैसे विषय प्रमुखता से उठे।
समिति की बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि इथेनॉल एवं अन्य जैव ईंधनों के लिए निर्धारित गुणवत्ता मानकों का प्रभावी तरीके से पालन सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है। जैव ईंधन को बढ़ावा देना देश की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने, वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों के विकास और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जाता है।
ऐसे में जैव ईंधन की गुणवत्ता और मानकीकरण सुनिश्चित करना न केवल उपभोक्ताओं के विश्वास को मजबूत करने, बल्कि उनके हितों की रक्षा करने के लिहाज से भी अहम है।
सांसद मनीष जायसवाल ने बैठक में अपनी सहभागिता की जानकारी साझा करते हुए कहा कि देश में गुणवत्तापूर्ण जैव ईंधन को प्रोत्साहित करना और उपभोक्ताओं के हितों की सुरक्षा सुनिश्चित करना महत्वपूर्ण विषय है। संसद की स्थायी समिति के माध्यम से जनहित से जुड़े ऐसे मुद्दों पर चर्चा और समीक्षा करना आवश्यक है।