झारखंड

साधु बनकर पहुंचे, सोने का जीतिया ठगकर भागे... हजारीबाग पुलिस ने तीन शातिरों को दबोचा

Mohan Rana 09 Jun 2026, 04:10 PM 11 views
साधु बनकर पहुंचे, सोने का जीतिया ठगकर भागे... हजारीबाग पुलिस ने तीन शातिरों को दबोचा
हुरहुरु में महिला को झांसे में लेकर उड़ाया गहना, क्षितिज अस्पताल के पास टोटो से गिरफ्तार हुए आरोपी
हजारीबाग में साधु के भेष में ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। बड़ा बाजार ओपी क्षेत्र के हुरहुरु में तीन शातिर अपराधी साधु बनकर एक महिला के घर पहुंचे और धार्मिक बातों में उलझाकर उसका सोने का जीतिया ठगकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही हजारीबाग पुलिस हरकत में आई। बड़ा बाजार ओपी और मुफ्फसिल थाना की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान क्षितिज अस्पताल के पास एक टोटो में सवार तीन संदिग्ध साधुओं को रोका गया। तलाशी के दौरान पुलिस ने महिला से ठगा गया सोने का जीतिया और सात अन्य लॉकेट बरामद किए। इसके बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान रोहतास जिले के मलेट्री लाठौर, अखिलेश लाठौर और तितई लाठौर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और यह पता लगाने में जुटी है कि कहीं ये गिरोह अन्य जिलों में भी इसी तरह की ठगी की घटनाओं को अंजाम तो नहीं दे रहा था। हजारीबाग पुलिस की तत्परता से पीड़ित महिला का गहना बरामद हो गया और एक बड़ी ठगी का खुलासा हो गया।