झारखंड

हजारीबाग में बाइक चोर गिरोह का बड़ा खुलासा, 17 बाइक और 1 टोटो बरामद

Mohan Rana 18 Sep 2026, 03:36 PM 27 views
पेलावल ओपी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चोरी और खरीद-बिक्री के नेटवर्क से जुड़े 7 आरोपी गिरफ्तार
हजारीबाग में बाइक चोरी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पेलावल ओपी क्षेत्र में पुलिस ने बाइक चोर गिरोह का खुलासा करते हुए 17 चोरी की मोटरसाइकिल और एक टोटो वाहन बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य अलग-अलग इलाकों से मोटरसाइकिल चोरी करने के बाद उनकी खरीद-बिक्री का नेटवर्क चला रहे थे। तकनीकी और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने छड़वा डैम के पास संदिग्धों को पकड़ा। पूछताछ के बाद आरोपियों की निशानदेही पर घर, गैराज और जंगल समेत कई ठिकानों पर छापेमारी की गई। इस कार्रवाई में कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। बरामद बाइकें हजारीबाग के बड़कागांव, पेलावल, लोहरसिंगना, सदर, कोर्रा, इचाक और ओरमांझी थाना क्षेत्रों में दर्ज चोरी के मामलों से जुड़ी बताई गई हैं। अब पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और चोरी के वाहनों की खरीद-बिक्री के पूरे कनेक्शन की जांच में जुटी है।