झारखंड
हजारीबाग में सीआईएसएफ की बड़ी कार्रवाई, 280.76 टन अवैध कोयला जब्त
रातभर चला विशेष अभियान, 100 जवानों की टीम ने दो ठिकानों पर की कार्रवाई
हजारीबाग में अवैध कोयला खनन और भंडारण के खिलाफ सीआईएसएफ ने बड़ी कार्रवाई की है।
18 सितंबर की शाम से 19 सितंबर की सुबह तक चले विशेष अभियान में सीआईएसएफ की एनटीपीसी-सीएमपी हजारीबाग इकाई की टीमों ने ग्राम सेहंदा के सुदूर वन क्षेत्र और मोईत्रा घाटी में कार्रवाई की।
अभियान में करीब 100 बल सदस्यों को अलग-अलग टीमों में तैनात किया गया था। कार्रवाई के दौरान दोनों स्थानों से अवैध रूप से भंडारित कोयला जब्त किया गया।
सीआईएसएफ के अनुसार, कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों द्वारा भीड़ जुटाकर जब्त कोयले के परिवहन में बाधा डालने का प्रयास किया गया। स्थिति को नियंत्रित करते हुए मार्ग खाली कराया गया और जब्त कोयले को हाईवा वाहनों से एनटीपीसी कांटा घर पहुंचाया गया।
कुल 10 हाईवा वाहनों के जरिए कोयला एनटीपीसी कांटा घर पहुंचा, जहां वजन के बाद 280.76 मीट्रिक टन अवैध कोयला जब्त पाया गया।
सीआईएसएफ ने कहा है कि अवैध कोयला खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
