झारखंड
सिलवार श्री जगन्नाथ धाम में उमड़ा आस्था का जनसैलाब, एसपी अमन कुमार ने धर्मपत्नी संग की विशेष पूजा-अर्चना
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच जिले की सुख-समृद्धि और शांति की कामना, रथ यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था का भी लिया जायजा।
हजारीबाग के ऐतिहासिक सिलवार श्री जगन्नाथ धाम में रथ यात्रा महोत्सव के अवसर पर गुरुवार को श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। वैदिक मंत्रोच्चार, शंखध्वनि और जय जगन्नाथ के जयघोष से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा।
इस पावन अवसर पर पुलिस अधीक्षक अमन कुमार अपनी धर्मपत्नी के साथ मंदिर पहुंचे और भगवान श्री जगन्नाथ, माता सुभद्रा एवं भगवान बलभद्र की विशेष पूजा-अर्चना कर जिले की सुख-समृद्धि, शांति और सामाजिक सौहार्द की कामना की। इस दौरान सदर एसडीपीओ रूपक कुमार सिंह भी मौजूद रहे।
पूजा के बाद एसपी ने मंदिर परिसर, रथ यात्रा मार्ग और मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मंदिर प्रबंधन समिति ने पुलिस प्रशासन की बेहतर सुरक्षा व्यवस्था और सक्रियता की सराहना की। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धा, उत्साह और अनुशासन का अद्भुत संगम देखने को मिला।
📍 स्थान: सिलवार
