झारखंड

रामगढ़ में पुलिस-गैंगस्टर मुठभेड़, प्रिंस खान गैंग का शूटर गिरफ्तार

Mohan Rana 06 Jul 2026, 05:59 AM 95 views
रामगढ़ में पुलिस-गैंगस्टर मुठभेड़, प्रिंस खान गैंग का शूटर गिरफ्तार
फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई, पैर में गोली... हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद।
रामगढ़ में पुलिस मुठभेड़: प्रिंस खान गैंग का शूटर शिवा गिरफ्तार, हथियार और कारतूस बरामद रामगढ़: जिले में पुलिस ने कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उसके शूटर शिवा उर्फ शिवराज को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। जानकारी के अनुसार, रांची और धनबाद पुलिस से मिली गुप्त सूचना के आधार पर रामगढ़ पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाया। सूचना थी कि प्रिंस खान गिरोह का एक सक्रिय अपराधी भुरकुंडा क्षेत्र में किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी में है और उसके पास अवैध हथियार मौजूद हैं। पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी ने चार हथियार होने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस उसे हथियार बरामद कराने के लिए भुरकुंडा थाना क्षेत्र स्थित रिवरसाइड केंद्रीय विद्यालय के समीप लेकर पहुंची। इसी दौरान आरोपी ने अचानक पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी और उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने घटनास्थल से दो पिस्टल, 59 जिंदा कारतूस तथा दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। रामगढ़ के पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लूनायत ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी पहले राहुल दुबे गिरोह सहित अन्य आपराधिक गिरोहों के लिए भी काम कर चुका है। पूछताछ के आधार पर उसके एक अन्य साथी को भी हिरासत में लिया गया है, जिसके पास से भी हथियार बरामद हुए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क, हथियारों के स्रोत और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है।