झारखंड

ज्ञापन के बाद हरकत में आया कल्याण विभाग, आदिवासी बालिका छात्रावास का किया निरीक्षण

Mohan Rana 04 Jul 2026, 02:51 AM 16 views
ज्ञापन के बाद हरकत में आया कल्याण विभाग, आदिवासी बालिका छात्रावास का किया निरीक्षण
पेयजल संकट पर प्रशासन की त्वरित कार्रवाई, छात्राओं को जल्द स्थायी समाधान का भरोसा।
राष्ट्रीय आदिवासी छात्र संघ के केंद्रीय संयोजक विक्की कुमार धान द्वारा आदिवासी बालिका छात्रावास की पेयजल समस्या को लेकर प्रभारी जिला कल्याण पदाधिकारी महेंद्र छोटन उरांव को ज्ञापन सौंपे जाने के बाद प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया। ज्ञापन मिलते ही प्रभारी जिला कल्याण पदाधिकारी ने कृष्ण वल्लभ महिला महाविद्यालय परिसर स्थित आदिवासी बालिका छात्रावास का निरीक्षण किया। इस दौरान छात्राओं से बातचीत कर पेयजल, बिजली, बाउंड्री वॉल सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया और भरोसा दिलाया कि सभी समस्याओं की विस्तृत जांच कर जल्द आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। विक्की कुमार धान ने कहा कि छात्रावास में रह रही 200 से अधिक आदिवासी छात्राओं को लंबे समय से पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने छात्राओं के लिए स्वच्छ एवं नियमित पेयजल, जलापूर्ति व्यवस्था की तकनीकी जांच, नए बोरवेल या जलमीनार की व्यवस्था तथा दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है। अब जिला प्रशासन की पहल के बाद छात्राओं को जल्द राहत मिलने की उम्मीद जगी है।