झारखंड

हजारीबाग पुलिस का सड़क सुरक्षा अभियान, माइक से किया यातायात नियमों का प्रचार

Mohan Rana 31 May 2026, 04:18 PM 7 views
हजारीबाग पुलिस का सड़क सुरक्षा अभियान, माइक से किया यातायात नियमों का प्रचार
"सड़क सुरक्षा है जिम्मेदारी, पुलिस कर रही जागरूकता की तैयारी"
हजारीबाग में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर सख्ती, पुलिस ने चलाया जागरूकता और नो-पार्किंग अभियान हजारीबाग: पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर शनिवार को हजारीबाग शहर में व्यापक यातायात जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत पुलिस जीप से माइक और रिकॉर्डेड संदेशों के माध्यम से लोगों को यातायात नियमों का पालन करने तथा नो-पार्किंग नियमों के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस उपाधीक्षक (सीसीआर) के नेतृत्व में थाना प्रभारी यातायात, चार पुलिस पदाधिकारियों एवं आठ गृहरक्षकों की टीम ने शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और बाजार क्षेत्रों में भ्रमण कर लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। डिस्ट्रिक्ट मोड़, पीटीसी चौक, मटवारी चौक, बाबूगांव चौक, कोर्रा चौक, त्रिमूर्ति चौक, इंद्रपुरी चौक, वी-मार्ट, पानी टंकी, पैगोडा चौक, ख्वाजा चौक, छोटी ग्वालटोली, सांसद मोड़, झंडा चौक और पंच मंदिर चौक सहित विभिन्न स्थानों पर यातायात नियमों के पालन का संदेश प्रसारित किया गया। इसके साथ ही शहर में नो-पार्किंग अभियान भी चलाया गया। त्रिमूर्ति चौक, कल्लू चौक, वी-मार्ट, इंद्रपुरी चौक, कांग्रेस चौक, आनंद चौक, बंसीलाल चौक, सरदार चौक, पंच मंदिर चौक सहित कई प्रमुख स्थानों पर सड़क किनारे अवैध पार्किंग के खिलाफ कार्रवाई की गई और वाहन चालकों को निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने की हिदायत दी गई। पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का प्रयोग करें तथा सड़क पर वाहनों को नो-पार्किंग जोन में खड़ा न करें, ताकि शहर की यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।