झारखंड
हजारीबाग पुलिस का बड़ा एक्शन: 157 वाहन चालकों पर कार्रवाई, शहरभर में चला जागरूकता अभियान
बिना हेलमेट, ट्रिपल लोडिंग, मोबाइल पर बात और नो पार्किंग करने वालों पर पुलिस का शिकंजा, सड़क सुरक्षा को लेकर माइक से किया गया प्रचार-प्रसार
हजारीबाग में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने और सड़क हादसों पर लगाम लगाने के लिए हजारीबाग पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और बाजारों में पुलिस टीम ने वाहन से माइक के जरिए लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया।
डिस्ट्रिक्ट मोड़, पीटीसी चौक, मटवारी चौक, कोर्रा चौक, इंद्रपुरी चौक, पैगोडा चौक, झंडा चौक और पंच मंदिर चौक सहित कई इलाकों में लोगों से हेलमेट पहनने, ट्रैफिक नियमों का पालन करने और नो पार्किंग नियम का सम्मान करने की अपील की गई।
वहीं पीटीसी चौक पर विशेष वाहन जांच अभियान भी चलाया गया। जांच के दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 113 लोगों, ट्रिपल लोडिंग करने वाले 25 चालकों, मोबाइल का उपयोग करते हुए वाहन चलाने वाले 7 लोगों और नो पार्किंग का उल्लंघन करने वाले 12 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
हजारीबाग पुलिस ने साफ किया है कि सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आम लोगों से नियमों का पालन करने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।
