झारखंड

गोमिया से अपहृत युवती मुंबई से सकुशल बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार

Mohan Rana 25 May 2026, 04:13 PM 11 views
गोमिया से अपहृत युवती मुंबई से सकुशल बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार
बोकारो पुलिस की त्वरित कार्रवाई; एसआईटी और तकनीकी शाखा की मदद से मुंबई में चला ऑपरेशन, युवती सुरक्षित वापस
बोकारो जिले के गोमिया थाना क्षेत्र से अपहृत एक युवती को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए Mumbai से सकुशल बरामद कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में भी सफलता हासिल की है। जानकारी के अनुसार, गोमिया थाना क्षेत्र के पलिहारी गुरूडीह निवासी एक व्यक्ति ने अपनी पुत्री के अपहरण को लेकर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर मामला दर्ज करते हुए पुलिस अधीक्षक Bokaro के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बेरमो-तेनुघाट के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। जांच के दौरान गुप्त सूचना और तकनीकी शाखा की मदद से पुलिस को पता चला कि अपहृत युवती को मुंबई ले जाया गया है। सूचना मिलते ही एसआईटी टीम ने मुंबई पहुंचकर अभियान चलाया और युवती को सकुशल बरामद कर लिया। इस मामले में पुलिस ने गोमिया थाना क्षेत्र के जमकडीह निवासी 19 वर्षीय प्रिंस कुमार साव और देवीपुर निवासी 21 वर्षीय कुंदन कुमार को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है। छापेमारी दल में पुलिस अवर निरीक्षक बिरसा बाड़ा (अनुसंधानकर्ता), पुलिस अवर निरीक्षक अरुण कुमार, महिला आरक्षी सोनी कुमारी, चौकीदार विकास कुमार तथा तकनीकी शाखा बोकारो की टीम शामिल रही। पुलिस की इस कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है।