झारखंड

डीएलएसए ने पढ़ाया कानूनी पाठ, गांव-गांव पहुंचा जागरूकता अभियान

Mohan Rana 27 May 2026, 09:32 AM 24 views
डीएलएसए ने पढ़ाया कानूनी पाठ, गांव-गांव पहुंचा जागरूकता अभियान
🔹 16 प्रखंडों में चला कानूनी जागरूकता अभियान 🔹 साइबर फ्रॉड, घरेलू हिंसा और नशे के खिलाफ लोगों को किया जागरूक 🔹 डीएलएसए ने बताई मुफ्त कानूनी सहायता और हेल्पलाइन की जानकारी
हजारीबाग में जिला विधिक सेवा प्राधिकार (DLSA) द्वारा 90 दिवसीय कानूनी जागरूकता आउटरीच कार्यक्रम लगातार चलाया जा रहा है। प्रधान जिला न्यायाधीश सह अध्यक्ष डीएलएसए ध्रुव चंद्र मिश्रा के निर्देश एवं सचिव डॉ रवि प्रकाश तिवारी की मॉनिटरिंग में बुधवार को जिले के सभी 16 प्रखंडों की पंचायतों में जागरूकता शिविर लगाए गए। 👥 प्रशिक्षित अधिकार मित्रों ने गांव, मोहल्ले, टोला और चौक-चौराहों में पहुंचकर लोगों को डायन प्रथा प्रतिषेध कानून, घरेलू हिंसा, महिला उत्पीड़न और नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्परिणाम के बारे में विस्तार से जानकारी दी। वक्ताओं ने कहा कि ऐसे कुकृत्य समाज और परिवार दोनों को प्रभावित करते हैं तथा यह कानूनन अपराध है। ⚖️ कार्यक्रम के दौरान लोगों को डीएलएसए द्वारा मिलने वाली मुफ्त कानूनी सहायता, वाद-विवाद के सुलह और न्यायिक सुविधाओं के बारे में भी बताया गया। साथ ही हेल्पलाइन नंबर 15100, 1930 और 1098 की जानकारी दी गई। 💻 इसी कड़ी में डीएलएसए कार्यालय में साइबर क्राइम के खिलाफ जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित हुआ। सचिव डॉ रवि प्रकाश तिवारी ने लॉ स्टूडेंट्स को साइबर फ्रॉड से बचाव के उपाय बताते हुए कहा कि किसी भी व्यक्ति को ओटीपी या बैंक अकाउंट से जुड़ी निजी जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए। किसी भी साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करने की अपील की गई। 📌 कार्यक्रम में सैकड़ों महिला-पुरुष और डीएलएसए से जुड़े सभी अधिकार मित्र शामिल रहे।