झारखंड
बरही में कानूनी जागरूकता शिविर, ग्रामीणों को बताया अधिकार और कानून
डीएलएसए हजारीबाग के 90 दिवसीय अभियान के तहत गौरिया करमा पंचायत में लगा जागरूकता शिविर
हजारीबाग जिले में लोगों को कानून के प्रति जागरूक करने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकार लगातार अभियान चला रहा है।
झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर डीएलएसए हजारीबाग द्वारा 90 दिवसीय कानूनी जागरूकता आउटरीच कार्यक्रम चलाया जा रहा है।
इसी कड़ी में गुरुवार को बरही प्रखंड के गौरिया करमा पंचायत में जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया, जहां प्रशिक्षित अधिकार मित्रों ने ग्रामीणों को कानून और उनके अधिकारों की जानकारी दी।
शिविर में लोगों को बताया गया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकार में आपसी विवादों का समाधान बातचीत और सहमति के माध्यम से निशुल्क किया जाता है।
इसके साथ ही आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को मुफ्त कानूनी सहायता और अधिवक्ता उपलब्ध कराने की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान मोटर वाहन दुर्घटना मुआवजा, महिला उत्पीड़न, बाल विवाह, बाल श्रम, साइबर क्राइम और नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों पर विस्तार से चर्चा की गई।
ग्रामीणों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए मध्यस्थता केंद्र के माध्यम से विवादों को सुलझाने में रुचि दिखाई।
इस मौके पर अधिकार मित्र सुनील कुमार वर्मा, अरमान हुसैन, विशाल कुमार राणा, रिंकी कुमारी समेत बड़ी संख्या में महिला और पुरुष मौजूद रहे।
