झारखंड

"11 साल की बच्ची और 3 साल के भाई की हत्या से दहला हजारीबाग, आरोपी ने कबूला खौफनाक सच!"

Mohan Rana 03 Jun 2026, 12:59 PM 7 views
"11 साल की बच्ची और 3 साल के भाई की हत्या से दहला हजारीबाग, आरोपी ने कबूला खौफनाक सच!"
"मोबाइल का लालच, श्मशान घाट में मौत का खेल: मासूम बहन-भाई के कातिल को पुलिस ने दबोचा!"
हजारीबाग जिले के कटकमदाग थाना क्षेत्र में दो मासूम बच्चों के अपहरण और निर्मम हत्या मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। इस मामले में मुख्य आरोपी संजीत कुमार पासवान को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार, 11 वर्षीय नाबालिग बच्ची और उसके 3 वर्षीय भाई के गायब होने की सूचना 30 मई को दर्ज कराई गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसआईटी का गठन किया गया और व्यापक जांच शुरू की गई। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों से पता चला कि ओला शोरूम में कार्यरत संजीत पासवान दोनों बच्चों को अपनी स्कूटी पर बैठाकर ले गया था। इसके बाद 31 मई को सिंदूर स्थित श्मशान घाट से बच्ची का शव बरामद हुआ, जबकि उसके छोटे भाई का शव पास के एक कुएं से मिला। गिरफ्तारी के बाद आरोपी ने पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि वह बच्ची को पहले से जानता था और दोस्ती का फायदा उठाकर दोनों बच्चों को घुमाने तथा मोबाइल दिलाने का झांसा देकर सुनसान श्मशान घाट ले गया। वहां बच्ची के साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की, विरोध करने पर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद घटना का राज खुलने के डर से उसके 3 वर्षीय भाई की भी गला घोंटकर हत्या कर शव कुएं में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त स्कूटी और अन्य साक्ष्य भी बरामद कर लिए हैं। एसआईटी की त्वरित कार्रवाई से इस जघन्य हत्याकांड का खुलासा हो गया है। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया जारी है।