राष्ट्रीय

NEET परीक्षा से पहले हजारीबाग पुलिस अलर्ट, होटलों में चला सघन जांच अभियान

Mohan Rana 19 Jun 2026, 07:08 PM 71 views
NEET परीक्षा से पहले हजारीबाग पुलिस अलर्ट, होटलों में चला सघन जांच अभियान
परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए होटलों की जांच, संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल सूचना देने के निर्देश
हजारीबाग, प्रतिनिधि। आगामी NEET परीक्षा को लेकर हजारीबाग पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आ रही है। परीक्षा की पारदर्शिता, निष्पक्षता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अमन कुमार के निर्देश पर कोर्रा थाना क्षेत्र के विभिन्न होटलों एवं लॉजों में विशेष जांच अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व एसडीपीओ सदर रूपक कुमार सिंह, डीएसपी सीसीआर अरमानुल हक तथा कोर्रा थाना प्रभारी ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान उनके साथ सशस्त्र बल के जवान भी मौजूद रहे। पुलिस टीम ने होटल और लॉजों में ठहरे लोगों के पहचान पत्र, दस्तावेज और होटल रजिस्टर की गहन जांच की। जांच के दौरान होटल संचालकों को सख्त निर्देश दिया गया कि बिना वैध पहचान पत्र के किसी भी व्यक्ति को कमरा उपलब्ध न कराया जाए। साथ ही, आने-जाने वाले सभी आगंतुकों का पूरा विवरण रजिस्टर में दर्ज रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल स्थानीय थाना को देने के लिए कहा गया। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय स्तर की इस महत्वपूर्ण परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता, पेपर लीक, दलालों की सक्रियता अथवा अवैध गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी वातावरण में संपन्न कराने के लिए प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं। हजारीबाग पुलिस का यह विशेष अभियान अभ्यर्थियों को सुरक्षित और तनावमुक्त माहौल उपलब्ध कराने के साथ-साथ परीक्षा की गरिमा बनाए रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। प्रशासन ने आम नागरिकों, होटल संचालकों और अभिभावकों से भी सहयोग करने तथा किसी भी संदिग्ध सूचना को तुरंत पुलिस तक पहुंचाने की अपील की है।